ऑपरेशन सिंदूर: इन 9 हथियारों ने तोड़ दी थी पाकिस्तान की कमर, ब्रह्मोस के नाम से आज भी थर-थर कांपता है पाकिस्तान

ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना और भारतीय वायुसेना ने अपनी संयुक्त मारक क्षमता का ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने दुश्मन की सैन्य तैयारी और मनोबल दोनों को गहरी चोट पहुंचाई। थल, नभ और तकनीकी समन्वय के साथ किए गए इस ऑपरेशन में भारत ने अत्याधुनिक मिसाइलों, प्रिसिजन गाइडेड हथियारों और ड्रोन क्षमताओं का उपयोग कर यह स्पष्ट कर दिया कि देश की सशस्त्र सेनाएं अब केवल जवाबी कार्रवाई नहीं, बल्कि सटीक और निर्णायक प्रहार करने में पूरी तरह सक्षम हैं। यह अभियान भारत की बदलती सैन्य रणनीति और आक्रामक प्रतिरोध क्षमता का स्पष्ट संकेत माना जा रहा है।

आइए जानते हैं कि, भारत के किन हथियारों ने तोड़ दी 7 से 9 मई के बीच पाकिस्तान की कमर…

ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल बनी अभियान की रीढ़

ऑपरेशन सिंदूर का सबसे प्रभावशाली हथियार ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल रही। यह दुनिया की सबसे तेज क्रूज मिसाइलों में शामिल है, जो ध्वनि की गति से तीन गुना अधिक रफ्तार से लक्ष्य पर प्रहार करती है। 300 से 600 किलोमीटर की रेंज और लगभग एक मीटर की सटीकता के साथ ब्रह्मोस ने दुश्मन के प्रमुख सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया।
सूत्रों के अनुसार, सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमानों से करीब 15 से 19 ब्रह्मोस मिसाइलें दागी गईं, जिनसे पाकिस्तान के कई एयरबेस, रनवे और रणनीतिक ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचा। यह पहला अवसर रहा जब ब्रह्मोस का इतने व्यापक स्तर पर युद्धक उपयोग किया गया और इसकी सफलता ने भारत की मारक क्षमता को वैश्विक स्तर पर स्थापित कर दिया।

स्कैल्प मिसाइल से गहराई तक सटीक वार

फ्रांस निर्मित स्कैल्प (SCALP) क्रूज मिसाइल का उपयोग राफेल लड़ाकू विमानों से किया गया। 500 किलोमीटर से अधिक रेंज वाली इस लंबी दूरी की मिसाइल ने आतंकी शिविरों और गहराई में स्थित महत्वपूर्ण ठिकानों को बेहद सटीकता से ध्वस्त किया। स्कैल्प की खासियत यह रही कि यह दुश्मन की एयर डिफेंस से बचते हुए अपने लक्ष्य तक पहुंचने में सफल रही।

हैमर बम और स्पाइस-2000 गाइडेड बमों का कहर

राफेल विमानों से दागे गए AASM हैमर स्मार्ट गाइडेड बम ने कम ऊंचाई से भी सटीक निशाना साधा। इसके साथ ही क्रिस्टल मेज और स्पाइस-2000 गाइडेड बमों का उपयोग कर दुश्मन के रनवे, हैंगर और रडार साइट्स को निष्क्रिय किया गया। इन प्रिसिजन गाइडेड म्यूनिशन ने यह सुनिश्चित किया कि न्यूनतम संसाधनों में अधिकतम नुकसान पहुंचाया जा सके।

सुसाइड हारोप सुसाइड ड्रोन की निर्णायक भूमिका

इस अभियान में इजरायली हारोप सुसाइड ड्रोन का भी प्रभावी इस्तेमाल किया गया। ये ड्रोन घंटों हवा में मंडराते हुए लक्ष्य की पहचान करते हैं और फिर खुद को विस्फोट के साथ टकराकर उसे नष्ट कर देते हैं। हारोप ड्रोन ने दुश्मन के रडार और एयर डिफेंस सिस्टम को निशाना बनाया। इसके अलावा भारतीय स्वदेशी ड्रोन का भी निगरानी और हमले दोनों में उपयोग हुआ।

S-400 ने अकेले 5 पाकिस्तानी जेट्स को किया जमींदोज

पाकिस्तान की ओर से किए गए जवाबी ड्रोन और मिसाइल हमलों को रोकने के लिए भारत ने आकाश एयर डिफेंस सिस्टम, बराक-8 और S-400 जैसी प्रणालियों को सक्रिय किया। भारतीय वायु सेना (IAF) के प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर एक बड़ा और निर्णायक दावा किया है। उनके अनुसार, भारत के S-400 एयर डिफेंस सिस्टम ने इस ऑपरेशन के दौरान पाकिस्तानी वायु सेना (PAF) के 5 लड़ाकू विमानों को मार गिराया। एयर चीफ मार्शल ने यह भी बताया कि पाकिस्तान का एक एयरबोर्न अर्ली वॉर्निंग एंड कंट्रोल/इलेक्ट्रॉनिक इंटेलिजेंस (AEW&C/ELINT) विमान लगभग 300 किलोमीटर की दूरी से इंटरसेप्ट कर नष्ट किया गया, जो S-400 की लंबी दूरी की मारक क्षमता का प्रत्यक्ष प्रमाण है। इसके अलावा, विश्वसनीय खुफिया जानकारी के आधार पर जेकबाबाद में खड़े कई F-16 लड़ाकू विमानों और भोलारी एयर बेस पर तैनात एक AEW&C प्लेटफॉर्म को भी नष्ट किए जाने की पुष्टि की गई। वायुसेना प्रमुख के इस दावे ने यह स्पष्ट कर दिया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने न केवल हवाई हमलों को रोका, बल्कि पाकिस्तान की एयर वॉरफेयर क्षमताओं को गहराई तक कमजोर करने में सफलता हासिल की।

आकाश, बराक और एल-70 की तिकड़ी ने हवा में उड़ा दिए दुश्मन के मंसूबे

पाकिस्तान की ओर से किए गए जवाबी ड्रोन और मिसाइल हमलों को रोकने के लिए भारत ने आकाश एयर डिफेंस सिस्टम और बराक-8 जैसी मध्यम दूरी की प्रणालियों को सक्रिय किया। इसके साथ ही L-70 एयर डिफेंस गनों को अग्रिम क्षेत्रों, एयरबेस और संवेदनशील प्रतिष्ठानों की नज़दीकी सुरक्षा के लिए तैनात किया गया। इन तीनों स्तरों की वायु रक्षा व्यवस्था की मदद से अधिकांश ड्रोन और मिसाइल हमलों को हवा में ही निष्क्रिय कर दिया गया, जिससे भारत के सैन्य और नागरिक ठिकाने पूरी तरह सुरक्षित रहे। L-70 गनों ने विशेष रूप से कम ऊँचाई पर उड़ने वाले ड्रोन और छोटे हवाई खतरों को मार गिराने में अहम भूमिका निभाई और भारत की मल्टी-लेयर एयर डिफेंस रणनीति को प्रभावी रूप से पूरा किया।

स्पष्ट संदेश: भारत की सैन्य शक्ति अब निर्णायक

ऑपरेशन सिंदूर ने यह साफ कर दिया कि भारत अब केवल रक्षा तक सीमित नहीं, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर सटीक, तीव्र और निर्णायक आक्रामक कार्रवाई करने में सक्षम है। स्वदेशी तकनीक, उच्च स्तरीय समन्वय और आधुनिक हथियारों के इस सफल प्रयोग ने भारत की रणनीतिक बढ़त को और मजबूत कर दिया है।

2 thoughts on “ऑपरेशन सिंदूर: इन 9 हथियारों ने तोड़ दी थी पाकिस्तान की कमर, ब्रह्मोस के नाम से आज भी थर-थर कांपता है पाकिस्तान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *